राष्ट्रीय बांस मिशन (NBM) ने ’’“बांस से निर्माणः कंस्ट्रक्शन और फर्नीचर क्षेत्र में अवसरों को बढ़ावा”’’ विषय पर तीसरी राउंडटेबल बैठक का सफलतापूर्वक आयोजन किया। इस बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय बांस मिशन की अतिरिक्त आयुक्त ’’सुश्री कामना शर्मा’’ ने की।

इस राउंडटेबल में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, तकनीकी विशेषज्ञों और विभिन्न क्षेत्रीय संगठनों ने भाग लिया। बैठक के दौरान बांस की मौजूदा मूल्य श्रृंखला (Value Chain) से जुड़े अवसरों और चुनौतियों पर सार्थक चर्चा की गई।

चर्चा का मुख्य उद्देश्य निर्माण और फर्नीचर क्षेत्रों को मजबूत बनाने के लिए व्यावहारिक उपायों की पहचान करना, प्रमुख बाधाओं को दूर करना, मूल्य संवर्धन और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाना तथा एक टिकाऊ सामग्री के रूप में बांस की विशाल संभावनाओं का उपयोग करना था।

बैठक में वैश्विक बांस बाजार में भारत की स्थिति को मजबूत करने के साथ-साथ देश के भीतर बांस के उपयोग और खपत को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया गया। विचार-विमर्श के दौरान ’’‘भारत और विश्व के लिए उत्पादन’’’ की सोच को अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया, ताकि वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी उत्पाद और मजबूत मूल्य श्रृंखलाएं विकसित की जा सकें तथा घरेलू बाजार का भी सशक्त पारिस्थितिकी तंत्र तैयार हो सके।

यह राउंडटेबल बांस आधारित उद्यमों, नवाचार और सतत विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य भारत को वैश्विक बांस अर्थव्यवस्था में एक प्रमुख और प्रभावशाली देश के रूप में स्थापित करने के विजन को साकार करना है।