बांस का भविष्यः पारंपरिक सामग्री से इंजीनियर्ड उत्पाद तक
- सितम्बर 12, 2026
- 0
आज जब लकड़ी आधारित उद्योग लकड़ी, जो उसका प्रमुख कच्चामाल है, की कमी से जुझ रहा है, ऐसे में, बांस को एक पारंपरिक सामग्री से आगे बढ़ाकर आधुनिक, इंजीनियर्ड और व्यावसायिक रूप से व्यवहार्य औद्योगिक कच्चे माल के रूप में विकसित किया जा सकता है। लकड़ी उद्योग में लगभग पांच दशकों के अनुभव के आधार पर मैं यह कह सकता हूँ कि बांस के विकास के लिए एक ऐसी संपूर्ण वैल्यू चेन तैयार की जानी चाहिए, जिससे किसानों, प्रोसेसरों, निर्माताओं और अंतिम उपभोक्ताओं सभी को लाभ मिल सके।
प्लाइवुड और पैनल उद्योग का अनुभव बांस क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सीख प्रदान करता है। कच्चे माल की उपलब्धता, किसानों के साथ जुड़ाव, प्रोसेसिंग तकनीक, गुणवत्ता, कीमतों में उतार-चढ़ाव और बाजार में स्वीकार्यता जैसी चुनौतियों का समाधान एक समन्वित और एकीकृत दृष्टिकोण के माध्यम से किया जाना आवश्यक है।
बांस की विश्वसनीय और निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करना एक प्रमुख प्राथमिकता होनी चाहिए। डिजिटल प्लेटफॉर्म और मांग-आपूर्ति पूर्वानुमान प्रणाली के माध्यम से किसानों और उद्योग को जोड़ा जा सकता है। इसके तहत बांस के बागानों, प्रजातियों, कटाई अवधि, उपलब्ध मात्रा, प्रोसेसिंग क्षमता और भविष्य की बाजार मांग का डेटा तैयार किया जा सकता है।
बांस के प्रसंस्करण में तकनीक और मशीनीकरण की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। कटाई, प्राथमिक प्रसंस्करण, स्प्लिटिंग, सुखाने, ट्रीटमेंट, संरक्षण, लैमिनेशन, प्रेसिंग, CNC मशीनिंग, गुणवत्ता परीक्षण और अपशिष्ट उपयोग के लिए विशेष तकनीकों की आवश्यकता होगी। बांस शोधकर्ताओं और मौजूदा वुड-प्रोसेसिंग, प्लाइवुड तथा मशीनरी उद्योगों के बीच सहयोग तकनीकी विकास को तेज कर सकता है।

बांस को निर्माण और फर्नीचर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर स्वीकार्यता दिलाने के लिए मानकीकरण, परीक्षण, प्रमाणन और गुणवत्ता आश्वासन अत्यंत आवश्यक हैं। टिकाऊपन, दीमक प्रतिरोध, अग्नि प्रदर्शन, नमी और आयामी स्थिरता, बॉन्डिंग क्षमता तथा संरचनात्मक मजबूती जैसे पहलुओं का उचित परीक्षण और मानकीकरण किया जाना चाहिए।
इंजीनियर्ड बांस निर्माण क्षेत्र में बड़े अवसर प्रदान कर सकता है। इसका उपयोग बीम और कॉलम, रूफिंग सिस्टम, दीवार और पार्टिशन सिस्टम, फ्लोरिंग, दरवाजे, खिड़कियां, पैनल, प्रीफैब्रिकेटेड स्ट्रक्चर और मॉड्यूलर हाउसिंग में किया जा सकता है। फर्नीचर और इंटीरियर क्षेत्र बांस के व्यावसायिक उपयोग के लिए एक त्वरित अवसर प्रदान कर सकता है। बांस का उपयोग टेबल, कुर्सियां, कैबिनेट, स्टोरेज सिस्टम, मॉड्यूलर फर्नीचर, ऑफिस फर्नीचर, होटल एवं हॉस्पिटैलिटी फर्नीचर, वॉल पैनल और प्रीमियम सस्टेनेबल उत्पादों में बढ़ाया जा सकता है।
यह भी आवश्यक है कि, बांस उत्पादों के बाजार का विकास उत्पादन के साथ-साथ होना चाहिए। बांस के बागानों का विस्तार करने से पहले बाजार की पहचान, उत्पाद आवश्यकताओं की समझ, उपयुक्त तकनीक का विकास, मानकों की स्थापना और प्रोसेसिंग क्षमता का निर्माण आवश्यक है। सरकार डेमोंस्ट्रेशन प्रोजेक्ट, ग्रीन प्रोक्योरमेंट, कॉमन टेस्टिंग सुविधाएं, वित्तीय सहायता और तकनीकी सहयोग के माध्यम से बाजार में विश्वास पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
बांस की वैल्यू चेन में किसान को केंद्र में रखना आवश्यक है। किसानों को गुणवत्तापूर्ण रोपण सामग्री, वैज्ञानिक खेती की जानकारी, प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता, एग्रीगेशन एवं कलेक्शन सेंटर और सुनिश्चित बाजार या बाय-बैक व्यवस्था उपलब्ध कराई जानी चाहिए। एक विश्वसनीय बाजार किसानों को बांस की खेती के लिए प्रोत्साहित करेगा, जबकि स्थिर कच्चे माल की आपूर्ति उद्योग को विश्वास प्रदान करेगी।

आगे की राहरू चार प्रमुख स्तंभ
कृषि एवं कच्चा माल: टिकाऊ और विश्वसनीय बांस संसाधनों का विकास तथा किसानों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना।
तकनीकर: मशीनीकरण, ट्रीटमेंट, संरक्षण और इंजीनियर्ड बांस उत्पादों के विकास में निवेश करना।
मानकर: मजबूत परीक्षण, प्रमाणन और गुणवत्ता आश्वासन प्रणाली विकसित करना, ताकि बांस उत्पादों को निर्माण और फर्नीचर बाजार में व्यापक स्वीकार्यता मिल सके।
बाजार: उत्पाद नवाचार, उद्योग से जुड़ाव, आर्किटेक्ट और डिजाइनरों की भागीदारी, डेमोंस्ट्रेशन प्रोजेक्ट, निर्यात और सरकारी खरीद के माध्यम से मांग पैदा करना।
मुख्य संदेश यह है कि भारत को बांस को केवल एक पारंपरिक या प्लांटेशन आधारित सामग्री के रूप में नहीं देखना चाहिए। सही इकोसिस्टम, आधुनिक तकनीक, मानकीकरण और मजबूत बाजार समर्थन के साथ बांस आधुनिक निर्माण, फर्नीचर और औद्योगिक अनुप्रयोगों के लिए एक इंजीनियर्ड, मानकीकृत और तकनीक आधारित महत्वपूर्ण सामग्री बन सकता है।




Ply insight launched on March 2018 with a vision to make a platform to collaborate plywood MDF, Laminate, machinery manufactures with dealers in the Trade.
Categories
Useful Links
Follow Us