Alokbhai Mohta

नागपुर, अगस्त 2025 - अखिल भारत प्लाइवुड एवं लैमिनेट ट्रेड एसोसिएशन (एबीपीएलटीए) ने भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) से प्लाइवुड, पार्टिकल बोर्ड, एमडीएफ और संबंधित उत्पादों के लिए अनिवार्य बीआईएस प्रमाणन के संबंध में व्यापारियों को अधिक स्पष्टता और सहायता प्रदान करने का आग्रह किया है। यह प्रमाणन 28 अगस्त 2025 से लागू होगा।

बीआईएस को संबोधित एक ज्ञापन में, एसोसिएशन ने इस बात पर प्रकाश डाला कि आईएसआई/बीआईएस अनुपालन आवश्यकताओं के बारे में अपर्याप्त जानकारी और जागरूकता के कारण व्यापारियों को गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। खुदरा दुकानों और व्यापारी परिसरों पर बीआईएस टीमों द्वारा हाल ही में किए गए निरीक्षणों और छापों ने उद्योग के सदस्यों के बीच चिंताएँ बढ़ा दी हैं।

एसोसिएशन ने कहा, ‘‘व्यापारी सीधे निर्माताओं और आपूर्तिकर्ताओं से सामग्री खरीदते हैं और यह सुनिश्चित करने के लिए उन पर ही निर्भर रहते हैं कि उत्पादों पर वैध आईएसआई चिह्न हों और वे बीआईएस मानकों का अनुपालन करते हों। दुर्भाग्य से, व्यापारियों के लिए आईएसआई चिह्नों की प्रामाणिकता को स्वतंत्र रूप से सत्यापित करना या यह पुष्टि करना बेहद मुश्किल है कि आपूर्ति की गई सामग्री पूरी तरह से बीआईएस मानदंडों को पूरा करती है या नहीं।‘‘

एबीपीएलटीए के अनुसार, इससे व्यापारियों की प्रतिष्ठा को खतरा पैदा हो गया है, भले ही वे सीधे तौर पर विनिर्माण या ब्रांडिंग गतिविधियों में शामिल न हों। इसलिए एसोसिएशन ने बीआईएस से अनुरोध किया है कि वह अपना ध्यान निर्माताओं के सत्यापन और निगरानी पर केंद्रित करे, जो मानकों के अनुपालन और आईएसआई चिह्न के उचित उपयोग के लिए मुख्य रूप से ज़िम्मेदार हैं।

एसोसिएशन ने बीआईएस से निम्नलिखित उपाय करने की माँग की हैः

  • व्यापारियों को वैध आईएसआई-चिह्नित उत्पादों की पहचान करने के लिए स्पष्ट मार्गदर्शन और जागरूकता सत्र।
  • आपूर्तिकर्ताओं और निर्माताओं द्वारा उपयोग किए जाने वाले आईएसआई चिह्नों की प्रामाणिकता की पुष्टि करने के लिए व्यापारियों के लिए एक सत्यापन तंत्र।
  • बाज़ार में गैर-अनुपालन वाले उत्पादों की आपूर्ति को रोकने के लिए विनिर्माण स्तर पर निरीक्षणको प्राथमिकता।

एबीपीएलटीए के संयुक्त सचिव आलोक मोहता ने अपील में कहा, ‘‘हम ईमानदार व्यापारियों की सुरक्षा और बीआईएस आवश्यकताओं को पूर्ण जिम्मेदारी से पूरा करने में हमारी सहायता करने के लिए आपके हस्तक्षेप और आवश्यक कदमों की आशा करते हैं।‘‘


 👇 Please Note 👇

Thank you for reading our article!

If you don’t received industries updates, News & our daily articles

please Whatsapp your Wapp No. or V Card on 8278298590, your number will be added in our broadcasting list.


Natural Natural